सुखलदरी फॉल का थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, पर्यटकों को गहरे पानी से दूर रहने की दी हिदायत
सुखलदरी फॉल का थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, पर्यटकों को गहरे पानी से दूर रहने की दी हिदायत
धुरकी। प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुखलदरी फॉल में बुधवार को धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने फॉल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। थाना प्रभारी ने बारिश के मौसम में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी की गहराई का अनुमान कई जगह लगाना मुश्किल होता है, इसलिए किसी भी परिस्थिति में गहरे पानी में जाने का प्रयास न करें।
थाना प्रभारी ने पर्यटकों से फॉल के नजदीक जाकर सेल्फी लेने और फिसलन भरी चट्टानों पर खड़े होकर फोटो खिंचवाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। अभिभावक अपने बच्चों को जलस्रोतों के आसपास अकेले न जाने दें और पर्यटन का आनंद लेते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। थाना प्रभारी ने बताया कि पर्यटन स्थल पर सुरक्षा को लेकर पुलिस की लगातार निगरानी जारी रहेगी।

