मूसलाधार बारिश ने बरपाया कहर, मिट्टी का खपरैल मकान गिरने से बोलेरो क्षतिग्रस्त
मूसलाधार बारिश ने बरपाया कहर, मिट्टी का खपरैल मकान गिरने से बोलेरो क्षतिग्रस्त
धुरकी। धुरकी थाना क्षेत्र में मंगलवार की मध्य रात्रि हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। लगातार तेज बारिश के कारण भंडार गांव निवासी उपेन्द्र सिंह का मिट्टी का खपरैल मकान अचानक भरभराकर ध्वस्त हो गया। मकान गिरने से घर में रखा सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया और परिवार के सामने रहने तथा सामान को सुरक्षित रखने की समस्या उत्पन्न हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में परिवार के किसी सदस्य के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया गया कि रात में तेज बारिश के दौरान मिट्टी की दीवारें कमजोर होकर अचानक गिर गईं। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और सदस्यों ने किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
बारिश के कारण हुए इस हादसे में करीब 15 घरेलू मुर्गियां भी प्रभावित हुईं, जबकि घर के समीप खड़ा बोलेरो वाहन भी मकान का मलबा गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में पीड़ित परिवार को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गांव के कई पुराने मिट्टी के मकानों पर खतरा मंडरा रहा है और उनकी दीवारों में नमी आ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर जर्जर मकानों की स्थिति का आकलन करने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है। वहीं, पीड़ित परिवार ने मकान और संपत्ति के नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर नियमानुसार आपदा राहत राशि एवं आवासीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

