सुदना इंडस्ट्रियल एरिया का होगा कायाकल्प, 4 करोड़ से अधिक की विकास योजना का टेंडर जारी: आनंद शंकर

सुदना इंडस्ट्रियल एरिया का होगा कायाकल्प : आनंद शंकर

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदय शंकर दुबे उर्फ रिंकू के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि, 4 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजना का टेंडर जारी

सुदना इंडस्ट्रियल एरिया के विकास का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने जा रहा है। लगभग 50 वर्षों से अधिक पुराने इस औद्योगिक क्षेत्र के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। झारखंड औद्योगिक विकास प्राधिकार द्वारा 4 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजना का टेंडर जारी कर दिया गया है। इसके तहत सड़क, नाली, चारदीवारी एवं पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

इस संबंध में चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सुदना इंडस्ट्रियल एरिया में सड़क, नाली, चारदीवारी और पानी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग वर्षों से उठाई जा रही थी। इस महत्वपूर्ण विषय को फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की एग्जीक्यूटिव बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदय शंकर दुबे उर्फ रिंकू जी ने प्रमुखता से उठाया था।

इसके बाद तत्काल झारखंड चेंबर की ओर से एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, नवजीत सिंह अलंग एवं अमित शर्मा शामिल थे। टीम ने मेदिनीनगर पहुंचकर सुदना इंडस्ट्रियल एरिया का स्थल निरीक्षण किया तथा वहां की समस्याओं एवं आवश्यकताओं का आकलन करते हुए अपनी विस्तृत रिपोर्ट झारखंड औद्योगिक विकास प्राधिकार को सौंपी। रिपोर्ट में औद्योगिक क्षेत्र की बदहाल स्थिति और आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी दी गई थी।

चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर ने कहा कि उन्हें आज विशेष खुशी है कि वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण कार्य का टेंडर जारी हो गया है। 4 करोड़ रुपये से अधिक की इस विकास योजना से सुदना इंडस्ट्रियल एरिया की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। सड़क, नाली, चारदीवारी और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने से यहां के उद्योगपतियों और उद्यमियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, निरंतर पहल और झारखंड चेंबर की सक्रियता का परिणाम है।

इस महत्वपूर्ण पहल के लिए विशेष टीम के सदस्यों ने झारखंड चेंबर को बधाई दी है। बधाई देने वालों में कृष्ण अग्रवाल, राजदेव उपाध्याय, प्रदीप कुमार बाबुल, अरविंद गुप्ता, फिरोजुद्दीन अंसारी, सुमित अग्रवाल, सुबोध गुप्ता, राकेश सोनी, कमल जैन, गिरधारी गर्ग, बैजनाथ सिंह, मोहम्मद शादाब, आलोक माथुर, रितेश कुमार, सुधांशु शेखर सहित सुदना इंडस्ट्रियल एरिया के कई उद्योगपति शामिल हैं।