माताओं को मातृत्व किट, अस्पताल को पौधे और दुकानदारों को कपड़े के थैले बांटे

स्वस्थ मातृत्व, हरित पर्यावरण और स्वच्छ गिरिडीह का संकल्प—इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की चार जनकल्याणकारी पहल

गिरिडीह। इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन, डिस्ट्रिक्ट 325 द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता के अंतर्गत चार जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।*

क्लब द्वारा सदर अस्पताल, चैताडीह स्थित मातृ-शिशु स्वास्थ्य केंद्र में जरूरतमंद माताओं के बीच मातृत्व किट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन प्रियाका जी के मातृत्व देखभाल संबंधी लक्ष्य के अंतर्गत आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि क्लब द्वारा नियमित रूप से संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संरक्षण सेंटर की महिलाओं के हाथों नवजात शिशुओं के लिए कपड़े, टोपी, चादर एवं अन्य आवश्यक वस्त्र तैयार करवाए गए। माँ के पोषण को ध्यान में रखते हुए किट में हॉर्लिक्स, माँ की व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए सैनिटरी पैड तथा नवजात शिशुओं की साफ-सफाई एवं देखभाल के लिए डायपर (हगीज) और मुलायम कपड़े सहित अन्य उपयोगी सामग्री शामिल की गई। इस पहल से जरूरतमंद माताओं एवं शिशुओं को सहयोग मिलने के साथ सिलाई केंद्र की महिलाओं के कौशल और आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिला।

इस अवसर पर पीडीसी पूनम सहाय जी ने माताओं को उचित पोषण, स्तनपान, स्वच्छता एवं नवजात शिशुओं की देखभाल के प्रति जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी दी।

इसी क्रम में ग्रीन इंडिया अभियान के तहत क्लब द्वारा अस्पताल प्रबंधन को पाँच बड़े छायादार पौधे प्रदान किए गए, ताकि भविष्य में अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों, अटेंडेंट्स एवं वाहन चालकों को प्राकृतिक छाया मिल सके। ऐसे पौधों का चयन किया गया जिन्हें सामान्यतः गाय-बकरी नुकसान नहीं पहुँचातीं।

वहीं, नो प्लास्टिक अभियान के अंतर्गत कार्मेल स्कूल के चर्च गेट के समीप स्थित कलकत्ता फ्रूट्स के फल विक्रेता को लगभग 50 से 60 कपड़े के थैले वितरित किए गए। क्लब पिछले पाँच वर्षों से लगातार इस कोलकाता फ्रूट्स फल विक्रेता को प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक करते हुए कपड़े के थैले उपलब्ध कराता आ रहा है। साथ ही दुकान के समीप सूखे कचरे के लिए एक बड़ा डस्टबिन भी रखा गया तथा लोगों को सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने और सड़क पर कचरा न फैलाने के प्रति जागरूक किया गया।

पीडीसी पूनम सहाय जी ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े सामाजिक बदलाव संभव हैं। यदि एक दुकानदार भी प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने के लिए प्रेरित होता है, तो धीरे-धीरे यह संदेश पूरे शहर तक पहुँच सकता है।

वहीं, क्लब अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से प्लास्टिक मुक्त और हरित गिरिडीह के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

इन सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में पीडीसी पूनम सहाय जी, क्लब ट्रेजरर रश्मि गुप्ता, एडिटर समा परवीन, एग्जीक्यूटिव मेंबर तनुजा भूषण, रीता सहाय एवं दीप्ति सिन्हा सहित अन्य क्लब सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान एवं सक्रिय सहयोग रहा।

क्लब अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने सभी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि क्लब आगे भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिला आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहेगा।