सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा-गिरिडीह की छात्रा आराध्या सिंह ने NEET में रचा इतिहास

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा-गिरिडीह की छात्रा आराध्या सिंह ने NEET में रचा इतिहास

गिरिडीह का नाम रोशन करते हुए सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा की होनहार छात्रा कुमारी आराध्या सिंह ने NEET-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। 720 अंकों की इस राष्ट्रीय परीक्षा में आराध्या ने 564 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।

आज विद्यालय की वंदना सभा का माहौल गर्व और उत्साह से भर गया। प्रधानाचार्य आनंद कमल ने बहन आराध्या को मंच पर सम्मानित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की जीत नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की तपस्या का फल है। आराध्या ने अनुशासन, लगन और निष्ठा से यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। सभी भैया-बहन उनसे प्रेरणा लें और अपने सपनों को ऊंची उड़ान दें।
वहीं आचार्य अजित मिश्र ने इस ऐतिहासिक सफलता को “गिरिडीह जिले के लिए गौरव का क्षण” बताते हुए कहा कि आराध्या की यह सफलता हमारे सभी आचार्य दीदी की मेहनत को सम्मान देती है। हमें विश्वास है कि आराध्या भविष्य में भी देश-सेवा के क्षेत्र में विद्यालय और जिले का नाम ऊंचा करेगी।
ज्ञात हो कि आराध्या ने वर्ष 2022 में दसवीं की परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। अपनी सफलता का श्रेय देते हुए बहन आराध्या ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचाने में मेरे प्रधानाचार्य , समस्त आचार्य,दीदी व माता- पिता के आशीर्वाद और मार्गदर्शन सबसे बड़ा आधार है।”
सम्पूर्ण विद्यालय परिवार बहन आराध्या सिंह के उज्ज्वल भविष्य एवं चिकित्सा जगत में एक आदर्श चिकित्सक बनने की हृदय से कामना करता है।