सोन नदी का बढ़ा जलस्तर, केतार में माइकिंग कर प्रशासन ने लोगों को किया सतर्क
सोन नदी में बढ़ते जलस्तर को लेकर अंचलाधिकारी ने माइकिंग कर लोगों को किया सतर्क
केतार। सोन नदी में जलस्तर बढ़ने और हाल के दिनों में जुली कुमारी की मौत तथा खुशबू कुमारी का शव अब तक नहीं मिलने से प्रखंड क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इसे देखते हुए केतार के अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने गुरुवार को माइकिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
माइकिंग के जरिए सोन नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की गयी। लोगों को नदी के आसपास नहीं जाने तथा बच्चों और अन्य लोगों को नदी में जाने से रोकने की सलाह दी गयी।
अंचलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपने पालतू पशुओं को भी सुरक्षित स्थान एवं ऊंचे स्थानों पर रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण सोन नदी का जलस्तर कभी भी तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में ग्रामीण किसी भी तरह का जोखिम नहीं लें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
उन्होंने ग्रामीणों से आवश्यक सूखे खाद्य पदार्थ एवं अन्य जरूरी सामान पहले से सुरक्षित रखने की अपील की, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

