पांकी में बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला, विधायक मेहता ने पीड़ित परिवार को लिया गोद

पांकी में बाबूलाल मरांडी की ‘विशाल आक्रोश महापंचायत राज्य सरकार पर तीखा हमला, विधायक मेहता ने ली पीड़ित आदिवासी परिवार की जिम्मेदारी

​पांकी
झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को पांकी प्रखंड के चांपी-फुलवरिया बाजार टांड़ में आयोजित भाजपा की ‘विशाल आक्रोश महापंचायत’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। जनसभा से पूर्व उन्होंने सकलदीपा गांव पहुंचकर एक पीड़ित आदिवासी परिवार से मुलाकात की और उनका हाल जाना। इस आयोजन को पांकी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
​ जनसभा से पहले बाबूलाल मरांडी ने सकलदीपा गांव का दौरा किया और पीड़ित आदिवासी परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली।
​सरकार पर हमला: मरांडी ने राज्य की वर्तमान सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता को सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है।
पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने मंच से कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि आदिवासी बच्चियों पर बुरी नजर डालने वालों की आंखें निकाल ली जाएंगी।
​परिवार को गोद लेने का ऐलान: विधायक मेहता ने पीड़ित परिवार को गोद लेने की घोषणा करते हुए परिवार की पांच बच्चियों की पढ़ाई से लेकर शादी तक का पूरा खर्च उठाने का वादा किया।
​जनता के बीच रहने का आह्वान
जनसभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहें और वर्तमान सरकार की नीतियों और योजनाओं की जमीनी हकीकत को आम जनता के सामने उजागर करें।
​कई दिग्गज नेता रहे मौजूद
इस आक्रोश महापंचायत में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ा। कार्यक्रम में चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह, पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, नेता मनोज सिंह और डॉ. लवली गुप्ता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंच से सभी नेताओं ने एकजुट होकर क्षेत्र की जनसमस्याओं के खिलाफ लगातार आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।