स्कूल से लापता हुई कक्षा 3 की छात्रा सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा

स्कूल से लापता हुई कक्षा 3 की छात्रा सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा

रामगढ़ (पलामू)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह टोला बरवाही गांव की कक्षा तीन की छात्रा अंजली कुमारी के लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल था। जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर को अंजली कुमारी करीब 3 बजे दीप्ति निकेतन स्कूल, नावाडीह से पढ़ाई कर निकली थी, लेकिन इसके बाद घर नहीं पहुंची। सूचना मिलने के बाद परिजनों के साथ रामगढ़ थाना पुलिस ने बच्ची की लगातार खोजबीन शुरू की।

लगातार तलाश के बाद पुलिस और परिजनों को जानकारी मिली कि बच्ची रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुटी गांव स्थित अपने एक दोस्त के घर चली गई थी। इसके बाद 3 सितंबर को पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।