मलय डैम में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, खूबसूरत नजारों ने मोहा मन

पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड स्थित चर्चित मलय डैम एक बार फिर अपनी पूरी रौनक में नजर आ रहा है। मानसून की अच्छी बारिश के बाद डैम लबालब भर चुका है और अतिरिक्त पानी छोड़ चुका है। उफनते पानी और हरे-भरे परिवेश ने डैम को पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया है। आज डाल्टनगंज, लेसलीगंज समेत आसपास के कई इलाकों से सैकड़ों सैलानी यहां पहुंचे। सुबह से ही डैम परिसर में चहल-पहल बनी रही। परिवारों, युवाओं और दोस्तों के समूह बोटिंग का मजा लेने और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद उठाने पहुंचे। स्थानीय पर्यटक कमल पासवान ने बताया, “डैम का पानी देखकर मन खुश हो गया। बोटिंग का अनुभव बहुत अच्छा रहा। परिवार के साथ आए हैं और यहां की खूबसूरती का भरपूर आनंद ले रहे हैं।” अर्जुन पासवान और नदीम ने भी बोटिंग का मजा लिया। उन्होंने कहा कि मलय डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत माहौल उन्हें बार-बार खींच लाता है। डैम के चारों ओर हरे-भरे पेड़-पौधे और दूर तक फैला पानी का विस्तार सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। कई लोग फोटो-वीडियो बनाते नजर आए तो कई परिवार पिकनिक का मजा ले रहे थे। बोट संचालकों के अनुसार आज सुबह से ही बोटिंग की अच्छी डिमांड रही। स्थानीय प्रशासन और डैम सुरक्षा व्यवस्था के लोग सतर्क नजर आए। अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बावजूद डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है। सैलानियों से भी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। मलय डैम पिछले कुछ वर्षों में पलामू क्षेत्र का एक प्रमुख पर्यटन स्थल बनकर उभरा है। बरसात के मौसम में जब डैम भरा होता है तो इसकी खूबसूरती और बढ़ जाती है। आसपास के लोग सप्ताहांत और छुट्टियों में यहां आकर प्रकृति का सामीप्य महसूस करते हैं। आज की भीड़ को देखते हुए स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि प्रशासन पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाएगा। बुनियादी सुविधाओं में सुधार और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने से मलय डैम और अधिक पर्यटकों को आकर्षित कर सकता है