स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में साइबर सेफ्टी पर संगोष्ठी, साइबर डीएसपी आर.के. राणा ने किया जागरूक
स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में साइबर सेफ्टी पर संगोष्ठी, साइबर डीएसपी आर.के. राणा ने किया जागरूक
गिरिडीह। स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, बनहत्ती में मंगलवार को “साइबर सेफ्टी” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी शिक्षकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, डेटा चोरी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साइबर डीएसपी सह ट्रैफिक डीएसपी आर.के. राणा थे। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक शिक्षक और विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक वही है, जो तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदारी से उपयोग करना जानता हो।
साइबर डीएसपी आर.के. राणा ने अपने संबोधन में OTP फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लोन ऐप, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने 1930 हेल्पलाइन और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के उपयोग की भी जानकारी दी तथा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया।
इस अवसर पर सब-इंस्पेक्टर जगरनाथ पान, साइबर इंस्पेक्टर पुनीत कुमार, गुंजन कुमार और साकेत कुमार ने भी साइबर ठगी के तरीकों और उससे बचाव के उपायों पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेंद्र प्रसाद एवं डॉ. प्रवीण कुमार मिश्रा ने किया। संगोष्ठी में प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा प्रश्नोत्तर सत्र में साइबर सुरक्षा से जुड़े सवालों के जवाब विशेषज्ञों से प्राप्त किए।

