SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप, कांग्रेस ने भाजपा पर अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश का लगाया आरोप

गढ़वा ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंजीनियर ओबैदुल्लाह हक अंसारी ने प्रेसवार्ता कर बीजेपी पर SIR प्रक्रिया को प्रभावित करने और अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कथित साजिश रचने का आरोप लगाया है। जिले में बीजेपी के BLA द्वारा कथित तौर पर फर्जी SIR फॉर्म और फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से कटवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा दावा है कि इस मामले का खुलासा संबंधित क्षेत्रों के BLO और BLO2 की सक्रियता के कारण हुआ है।

मतदाता सूची से किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए निर्धारित नियमों के तहत परिवार के सदस्यों द्वारा ही फॉर्म-7 के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद, बीजेपी के नेताओं के इशारे पर भाजपा के कुछ लोग राजनीतिक उद्देश्य से फर्जी हस्ताक्षरों का सहारा लेकर अल्पसंख्यक मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जैसा कि आप सभी को पता है कि भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के रमना प्रखंड अंतर्गत बहियार और नगर उँटारी प्रखंड अंतर्गत कधवन और गढ़वा विधानसभा के रंका प्रखंड अंतर्गत खपरो गांव के सैकड़ों लोगों का मामला प्रकाश में आया है।मुझे आशंका है कि यह कथित राजनीतिक षड्यंत्र केवल गढ़वा ज़िला तक सीमित नहीं है और राज्य के अन्य जिलों के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसी गतिविधियां हो सकती हैं। बीजेपी द्वारा बूथ स्तर पर विरोधी मतदाताओं की सूची तैयार कर उनके नाम हटाने के लिए BLO पर दबाव बनाया जा रहा है।जो कि सरासर ग़लत है

लोकतांत्रिक जनादेश में पिछड़ने के बाद बीजेपी अब SIR प्रक्रिया के माध्यम से अपनी राजनीतिक गणित साधने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी के तमाम कार्यकर्ता हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और लोकतंत्र तथा मताधिकार के खिलाफ किसी भी कथित साजिश का मजबूती से मुकाबला करेगी।