मेराल में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान, प्रतिबंधित खाद्य उत्पाद दुकानों से हटवाए गए

मेराल में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान, प्रतिबंधित खाद्य उत्पाद दुकानों से हटवाए गए

(गढ़वा)। खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर गुरुवार, 03 सितंबर 2026 को मेराल प्रखंड क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान राज्यव्यापी प्रवर्तन अभियान के तहत FSSAI द्वारा चिन्हित नॉन-कम्प्लायंट, अमानक एवं मिस-लेबलिंग वाले खाद्य उत्पादों के विरुद्ध चलाया गया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गढ़वा-02 अनिरुद्ध रॉय के नेतृत्व में टीम ने मेराल प्रखंड के विभिन्न थोक एवं खुदरा बाजारों, सुपर मार्केट, किराना दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध खाद्य सामग्रियों के साथ-साथ संदिग्ध, अमानक एवं मिस-लेबलिंग वाले उत्पादों के भंडारण और बिक्री की भी जांच की गई।

जांच के दौरान कुछ दुकानों में ऐसे खाद्य उत्पाद पाए गए, जिनकी बिक्री अथवा भंडारण पर रोक है। टीम ने कार्रवाई करते हुए स्टिंग एवं रेड बुल एनर्जी ड्रिंक तथा लोटे चोको पाई जैसे उत्पादों को तत्काल दुकानों से हटवाया।

वहीं, बादल होटल, मेराल से पनीर का सर्विलांस सैंपल भी लिया गया, जिसे गुणवत्ता जांच के लिए भेजा जाएगा।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अनिरुद्ध रॉय ने प्रतिष्ठान संचालकों एवं दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे FSSAI द्वारा चिन्हित अमानक, प्रतिबंधित अथवा मिस-लेबलिंग वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री या भंडारण न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSS Act) तथा संबंधित नियमों के तहत दोषी खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ पुलिस प्रशासन की टीम भी मौजूद रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।