SIR-2026 को लेकर डीईओ की बैठक, 10 अक्टूबर को मेगा हेल्प डेस्क कैंप लगाने का फैसला

SIR-2026:डीईओ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग की बैठक,कल लगाये जाने वाली मेगा हेल्प डेस्क पर हुई चर्चा

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में एसआईआर के तहत अब तक हुई कार्रवाई,प्राप्त दावे-आपत्तियों तथा आगे की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी।इस दौरान सर्वप्रथम जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के संशोधित कार्यक्रम से अवगत कराया जिसके तहत बताया गया कि अब 30 नवंबर को वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा।

डीईओ श्री शेखावत ने बताया कि दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर Mega Help Desk Camp-सह-BLO-BLA-2 एवं चुनाव पाठशाला की चौथी बैठक आयोजित की जाएगी। शिविर में मतदाताओं को SIR प्रक्रिया, प्रपत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने एवं आवश्यक सुधार में सहायता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर के मेगा हेल्प डेस्क में एसआईआर से संबंधित लंबित मामलों,No Mapping एवं Anomalies से जुड़े मामलों में पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने कहा कि बीएलए 2 अपने क्षेत्र के मतदाताओं को यदि किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, तो उसे बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक में अवश्य रखें, ताकि तदनुसार आवश्यक समन्वय की जा सके। उन्होंने बताया कि 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक विशेष आउटरीच अभियान के दौरान बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर, सेक्स वर्कर तथा अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक स्वयं पहुंचेंगे और उन्हें दस्तावेज, सत्यापन तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देंगे।

डीईओ ने विशेष रूप से वृद्धाश्रम, आश्रयगृह, शक्ति सदन, अनाथालय तथा अन्य संस्थानों में रहने वाले पात्र नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जानकारी अथवा आवश्यक सहयोग के अभाव में कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं होना चाहिए।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक समेत विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।