श्री रानी सती दादी का भादो अमावस्या महोत्सव भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न

श्री रानी सती दादी का भादो अमावस्या महोत्सव भक्ति और श्रद्धा के साथ संपन्न

मेहंदी उत्सव, ज्योत प्रज्वलन और सवामणी भोग में उमड़े श्रद्धालु

गिरिडीह। शहरी क्षेत्र स्थित श्री महावीर कुटिया मंदिर परिसर में श्री रानी सती दादी जी का दो दिवसीय भादो अमावस्या महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत मेहंदी उत्सव से हुई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने दादी जी को पारंपरिक रूप से मेहंदी अर्पित की। इसके बाद रात्रि में दादी जी की ज्योत प्रज्वलित की गई। विधिवत श्रृंगार एवं सवामणी भोग का आयोजन भी किया गया।

महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का विशेष वातावरण बना रहा। बाहर से आई भजन गायिका ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत एवं भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर किया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और दादी जी के जयकारे लगाते नजर आए।

कार्यक्रम का आयोजन श्री रानी सती दादी परिवार ट्रस्ट के द्वारा किया गया। महोत्सव में जीवन राम अग्रवाल, राकेश मोदी, रोहित जालान, रिंकू जालान, बदामी झुनझुनवाला, मुकेश जालान, मिट्ठू खंडेलवाल, सतीश केडिया, पप्पू झुनझुनवाला, मोनू जालान, मोहन जालान, अमित बाछुका, अरुण जालान, सोनू पोद्दार, पंकज जालान समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।