मनिका में विहिप ने मनाया 62वां स्थापना दिवस

मनिका में विहिप ने मनाया 62वां स्थापना दिवस

सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और एकजुटता का लिया संकल्प

मनिका से धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट।

मनिका। विश्व हिंदू परिषद लातेहार के तत्वावधान में मनिका के लोहिया भवन एवं रॉन्की कला पंचायत भवन में विश्व हिंदू परिषद का 62वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद झारखंड प्रांत सेवा टोली के सदस्य दामोदर मिश्र ने कहा कि वर्ष 1964 में साधु-संतों के आह्वान पर हिंदू धर्म की पुनर्स्थापना के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई थी। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित एवं सशक्त बनाना था। आज हिंदू समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ विश्वभर में अपनी पहचान बना रहा है।

उन्होंने हिंदू समाज के समक्ष मौजूद विभिन्न चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जातियों में बंटे हिंदू समाज को एकजुट कर सामाजिक समरसता स्थापित करना सभी का दायित्व है। उन्होंने विवाह में हो रही देरी एवं कम संतान के बदलते सामाजिक प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए हिंदू समाज की घटती जन्मदर को विचारणीय विषय बताया। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सकारात्मक बदलाव के लिए समाज में जागरूकता एवं सकारात्मक सोच जरूरी है।

दामोदर मिश्र ने कहा कि विभाजन के समय पाकिस्तान में रह गए हिंदुओं ने अपनी भौतिक संपत्ति के बजाय धर्मग्रंथों और सांस्कृतिक मूल्यों को अपनी पहचान का आधार बनाया। इसी सांस्कृतिक शक्ति के कारण वे आज भी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बनाए हुए हैं।

समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने सनातन संस्कृति की रक्षा, सामाजिक समरसता और हिंदू समाज की एकजुटता के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद झारखंड प्रांत सेवा टोली सदस्य दामोदर मिश्र, जिला मंत्री संजय तिवारी, उपाध्यक्ष संजय लोहरा, प्रखंड उपाध्यक्ष संतोष दुबे, उपाध्यक्ष ज्ञानचंद प्रजापति, संयोजक शौर्य राज (प्रियांशु), मातृशक्ति प्रमुख वृंदा देवी, सह मंत्री रंजीत रंजन, पंचायत अध्यक्ष बजरंग दल बगेन्द्र पासवान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।