श्री बंशीधर नगर में सड़क सुरक्षा अभियान, डीटीओ ने हेलमेट पहनने वाले बाइक चालकों को फूल-माला पहनाकर किया सम्मानित
श्री बंशीधर नगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, डीटीओ ने वाहन चालकों को फूल-माला पहनाकर किया प्रेरित
श्री बंशीधर नगर (नगर उंटारी), गढ़वा: जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गोपी उरांव के नेतृत्व में गुरुवार को श्री बंशीधर नगर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 39 (एनएच-39) और मुख्य बाजार मार्ग पर दोपहिया एवं अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान डीटीओ श्री गोपी उरांव ने सड़क पर गुजर रहे बाइक चालकों और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ओवरटेकिंग से बचने और सड़क संकेतों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम के तहत जागरूकता का संदेश देते हुए और सकारात्मक रुख को प्रोत्साहित करने के लिए दोपहिया वाहन चालकों को फूल और माला पहनाकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान एनएच-39 और बाजार क्षेत्र में स्थानीय लोगों व राहगीरों की मौजूदगी रही।





