संविधान दिवस पर जी.एन. कॉन्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों ने ली शपथ, प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
संविधान दिवस पर जी.एन. कॉन्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों ने ली संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ
गढ़वा:–स्थानीय जी.एन. कॉन्वेंट स्कूल में संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के बीच संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के वाचन एवं विद्यार्थियों को संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान की शपथ दिलाकर की गई।
इस अवसर पर विद्यालय में क्विज, पोस्टर मेकिंग तथा भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भारतीय संविधान की विशेषताओं, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा – “संविधान केवल हमारे अधिकारों का संरक्षक नहीं, बल्कि हमारे कर्तव्यों का मार्गदर्शक भी है।”
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि अपने दैनिक जीवन में भी समानता, अनुशासन, सहिष्णुता और आपसी सम्मान का पालन करना चाहिए। आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के भविष्य के निर्माता हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को अपनाने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बनने का संदेश दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को निदेशक द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।

