श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 42.5 किलो संदिग्ध पेड़ा नष्ट
देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को मेला क्षेत्र की पेड़ा दुकानों, होटल और भोजनालयों में विशेष जांच अभियान चलाया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की मदद से पेड़ा के कुल 45 नमूनों की जांच की गई। इनमें 42 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि तीन नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। कार्रवाई के दौरान 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर गंगा साह पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार और शिव होटल एंड रेस्टोरेंट पर दो-दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में दुकानदारों को स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मेला अवधि के दौरान इस तरह के जांच अभियान जारी रहने की बात कही गई है।

