शिक्षक दिवस पर डीएवी लीलावचन पब्लिक स्कूल में सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेराल। डीएवी लीलावचन पब्लिक स्कूल, लातदाग में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक सुरेंद्र विश्वकर्मा और प्राचार्य मनोज कुमार ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। निदेशक ने कहा कि शिक्षक केवल अक्षर ज्ञान नहीं देते, बल्कि बच्चों के चरित्र का निर्माण कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, शिक्षक सम्मान और मेहनत के साथ लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य मनोज कुमार ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सार्थक दिशा देने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारकर उन्हें आदर्श नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर दिव्या कुमारी, नव्या कुमारी, बेबी कुमारी, नूरजहां खातून, नेहा कुमारी, सृष्टि कुमारी और राजनंदिनी ने कार्यक्रम का संचालन किया। विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित भाषण और कविताएं प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने प्रिय शिक्षकों को उपहार भेंट कर आभार जताया। अंत में मिठाई का वितरण किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा। मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाओं में रिजवान अंसारी, नागेंद्र ठाकुर, आलोक कुमार, पवन कुमार, प्रियंका कुमारी, शामा परवीन, राधिका कुमारी और निरावती कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

