शिक्षा के साथ मानसिक अनुकूलन जरूरी : अविनाश देव
दिनीनगर। संत मरियम स्कूल, मेदिनीनगर में शनिवार को एक प्रेरक और विचारोत्तेजक बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने की। बैठक में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की बदलती मानसिकता और तकनीक के प्रभाव पर गंभीर विमर्श किया गया।
चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान के प्रसारक ही नहीं, बल्कि समाज निर्माण के सशक्त स्तंभ होते हैं। एक शिक्षक अपने विचारों, दृष्टिकोण और शिक्षण शैली से समाज की दिशा और दशा को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में जब बच्चे तकनीक और सोशल मीडिया के प्रभाव में हैं, तब उन्हें शिक्षा से जोड़ना और उनकी एकाग्रता बनाए रखना बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सकते। बच्चों के मानसिक स्तर को समझते हुए, उनके अनुरूप शिक्षा देना आवश्यक है। यह प्रक्रिया न केवल उन्हें बेहतर विद्यार्थी बनाएगी, बल्कि अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने में भी सहायक होगी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कुमार आदर्श, उप प्राचार्य एस. बी. साहा, समन्वयक अमरेंद्र कुमार, रिजवाना परवीन, रोशन राज, निकिता गुप्ता, एकता सहाय सहित समस्त शिक्षक उपस्थित थे। बैठक में शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए और यह संकल्प लिया कि वे बच्चों को मानसिक रूप से समझते हुए नवाचारपूर्ण और रुचिकर शिक्षण पद्धतियों को अपनाएंगे।
यह बैठक न केवल शिक्षकों के लिए एक मार्गदर्शक बनी, बल्कि विद्यालय के भावी शैक्षणिक दृष्टिकोण की नींव भी रख गई।

