शहादत चौक फायरिंग कांड का खुलासा, हथियार व कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

शहादत चौक फायरिंग कांड का खुलासा, हथियार व कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, चाकू, बाइक और दो मोबाइल बरामद

चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बिंड मोहल्ला स्थित शहादत चौक पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहादत चौक निवासी मो. अकबर उर्फ रोहित और मो. समीर कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस संबंध में सोमवार को एसपी अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 16 अगस्त को सदर थाना क्षेत्र के बिंड मोहल्ला स्थित शहादत चौक में फायरिंग की घटना हुई थी। घटना में मो. शहजाद कुरैशी नामक युवक जख्मी हुआ था। मामले को लेकर सदर थाना कांड संख्या 346/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

लगातार छापेमारी के बाद मिली सफलता

एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग कांड में शामिल दो आरोपी चतरा से कुल्लू मोड़ होते हुए हजारीबाग की ओर भागने की तैयारी में हैं। सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपियों में से एक के पास अवैध हथियार है।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल्लू मोड़ के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

तलाशी में हथियार समेत अन्य सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली, जिसमें उनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत और फायरिंग की घटना में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे क्या कारण था और घटना में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।