शादी का झांसा देकर दो लाख ठगने के आरोप में युवक गिरफ्तार
कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र से पश्चिम बंगाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोरियामा निवासी 24 वर्षीय विशाल राणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले विशाल की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले की एक युवती से हुई थी।
बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ता गया। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। इस दौरान आरोपी कई बार युवती से मिलने भी गया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उसने युवती का विश्वास जीतकर उसे शादी का झांसा दिया।
युवती ने आरोप लगाया है कि विशाल राणा ने अपने परिजनों की बीमारी का बहाना बनाकर उससे अलग-अलग समय पर करीब 2 लाख रुपए ले लिए। भरोसे में लेकर पैसे लेने के बाद उसने धीरे-धीरे युवती से दूरी बना ली। कुछ दिनों बाद बातचीत पूरी तरह बंद कर दी।

