सीएसआर राशि में अनियमितता का आरोप, भीम आर्मी ने आंदोलन की चेतावनी दी
सीएसआर राशि में अनियमितता का आरोप, भीम आर्मी ने आंदोलन की चेतावनी दी।
मनिका – भीम आर्मी भारत एकता मिशन के लातेहार जिलाध्यक्ष जगजीवन राम ने जिले में संचालित विभिन्न कंपनियों पर कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर पर्याप्त राशि खर्च नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिले की खनिज संपदा का लगातार दोहन किया जा रहा है, लेकिन कंपनियां सीएसआर मद की राशि का उपयोग ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में नहीं कर रही हैं।जगजीवन राम ने कहा कि सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छ पेयजल, पर्यावरण संरक्षण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर खर्च किया जाना चाहिए, लेकिन लंबे समय से ग्रामीण इन सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में प्रदूषण बढ़ने से लोगों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
उन्होंने लातेहार के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से सभी कंपनियों के साथ बैठक कर इस समस्या का शीघ्र समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस पहल नहीं की गई तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन जनहित में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनियों की होगी।

