सावधान! उपायुक्त के नाम से फर्जी WhatsApp प्रोफाइल, लोगों को भेजे जा रहे संदिग्ध संदेश
पलामू में साइबर ठगी को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम से फर्जी WhatsApp प्रोफाइल बनाकर कुछ लोगों को संदेश भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध WhatsApp संदेश पर भरोसा न करें और किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या आर्थिक जानकारी साझा न करें।
प्रशासन ने कहा है कि यदि उपायुक्त या जिला प्रशासन के नाम से कोई संदिग्ध संदेश प्राप्त होता है, तो उसकी सत्यता की पुष्टि संबंधित कार्यालय से जरूर करें।
लोगों से किसी भी तरह के लिंक पर क्लिक करने, बैंक संबंधी जानकारी साझा करने या पैसे भेजने से पहले पूरी तरह सावधानी बरतने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन, पलामू ने लोगों से कहा है—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर ठगी से बचें।

