गिरिडीह में बारिश बनी आफत, घरों में घुसा नाली का गंदा पानी; लोग परेशान
सोमवार रात से हो रही लगातार बारिश के बाद गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित सिहोडीह पटेल नगर में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण नाली का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है।
बारिश के बाद सड़क पर भी नाली का गंदा पानी जमा हो गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों को इसी गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है, जिन्हें मजबूरी में जलजमाव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली और जलजमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। गंदे पानी के कारण इलाके में दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण व बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
लोगों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल नाली की सफाई कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की है, ताकि बारिश के दौरान उन्हें हर बार जलजमाव की समस्या का सामना न करना पड़े।

