संत मरियम आवासीय विद्यालय में धूमधाम से मनी दीपावली, सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने बांधा समां
संत मरियम आवासीय विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनी दीपावली, सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने दी प्रस्तुतियां
मेदिनीनगर। संत मरियम आवासीय विद्यालय में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर सुरेश राम, व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष प्रभात अग्रवाल, विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव, प्राचार्य कुमार आदर्श, छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, रुद्र प्रताप सिंह व अन्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
चेयरमैन ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रेम, अपनत्व और खुशियां बांटने का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाले बच्चे अपने घर-परिवार से दूर रहते हैं। ऐसे में विद्यालय का प्रयास है कि उन्हें यहां परिवार जैसा माहौल मिले और वे हर त्योहार को पूरे उत्साह के साथ मना सकें। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उनकी खुशियां ही विद्यालय परिवार के लिए सबसे बड़ा उपहार हैं।
दीपावली के अवसर पर छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर को दीपों से सजाया। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जहां नृत्य प्रशिक्षक ईशा कुमारी एवं आरती कुमारी की विशेष भूमिका रही।
बच्चों के लिए विशेष व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी, जिसका सभी ने आनंद लिया।
वहीं, गायक अली राजा पप्पू जी एवं प्रसिद्ध कलाकार राजा सिंह, संगीत प्रशिक्षक श्याम किशोर पांडे जी ने भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर छात्र-छात्राओं ने खूब झूमा और आनंद उठाया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। इस प्रकार विद्यालय परिवार ने बच्चों के साथ मिलकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।

