सांसद ने किया सोन-कनहर पाइप लाइन जलापूर्ति योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण

सांसद ने किया सोन-कनहर पाइप लाइन जलापूर्ति योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण

सम्बंधित पदाधिकारियों को कार्य में तीव्रता लाने का दिया निर्देश

गढ़वा:–पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने आज गढ़वा जिला अंतर्गत सोन कनहर पाइपलाइन सिंचाई परियोजना का बड़गड़, भंडरिया एवं रंका (भंवरी) में स्थल का निरीक्षण किया। विदित है कि केन्द्र सरकार द्वारा 1276 करोड़ रुपए की लागत से उक्त सिंचाई परियोजना की स्वीकृति की गयी थी।

उक्त परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2023 में पूर्ण होना था, परन्तु विभिन्न स्थानों पर फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलने में विलंब होने के कारण अब सितंबर 2026 में यह सिंचाई परियोजना पूर्ण होगी और गढ़वा जिले के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचेगी। निरीक्षण के दौरान कार्य कर रहे एल०एन०टी० कम्पनी के पदाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने एवं ससमय कार्यों को पूर्ण करने का निदेश दिया।बताते चले कि वर्तमान में इस योजना का बहुत हद तक कार्य पूरा कर लिया गया है. .केंद्र सरकार की ओर से यह योजना गढ़वा जिले की भूमि को सिंचित करने के लिये है. सांसद श्री राम ने बताया कि इस योजना से जिले के 20 में से 18 प्रखंडों में स्थित खेतों तक सिंचाई योजना का पानी पहुंचाया जायेगा. इस योजना के तहत कांडी प्रखंड स्थित दारीदह गांव के सोन नदी, रंका प्रखंड के भौंरी तथा बड़गड़ प्रखंड के उगरा गांव स्थित कनहर नदी से बरसात के दिनों में जब सोन व कनहर नदी में पानी भर जाता है, तब बड़े मोटर पंप के माध्यम से पानी लेकर उसे जिले के 366 जलाशयों को भरा जायेगा. इससे सूखे की वजह से डैम, तालाब, बड़े आहर सहित अन्य छोटे जलाशयों में कभी भी पानी की कमी नहीं होगी. बताया कि चुंकि सोन व कनहर बड़ी व लंबी नदियां हैं. इस वजह से कम बारीश में भी इन नदियों में पर्याप्त पानी बरसात में आ जाता है.वर्त्तमान में इन नदियों का पानी बेकार होकर बह जाता है, इसलिये इन नदियों के बरसाती पानी का सदुपयोग करते हुये गढ़वा जिले के जलाशयों तक पहुंचाने की योजना बनायी गयी है. इस योजना के तहत ग्रामीणों से भूमि का अधिग्रहण कर करीब 20 एकड़ जमीन पर स्थायी स्ट्रैक्चर खड़ा करना है. इसमें छह स्थानों पर पंप हाउस, छह स्थानों पर डिलेवरी चेंबर तथा आठ स्थानों पर ब्रेक प्रेसर टैंक का निर्माण किया जाना है. जिले के कांडी व रंका में दो-दो तथा भवनाथपुर व भंडरिया में एक-एक पंप हाउस का निर्माण कराया जा रहा है.जबकि कांडी, भवनाथपुर, नगरउंटारी एवं भंडरिया में एक-एक तथा रंका में दो डलेवरी चेंबर का निर्माण कराया जा रहा है. इसी तरह रमना, चिनियां, रमकंडा, धुरकी में एक-एक एवं गढ़वा व रंका में दो-दो ब्रेक प्रेसर टैंक का निर्माण कराया जायेगा.गढ़वा जिले के बड़े डैम अन्नराज, पनघटवा, चिरका, उतमाही, बायीं बांकी, फूलवरिया, सरस्वतिया, कवलदाग, पंडरवा, बभनीखांड़, बंबा आदि में भी इस योजना के तहत पानी पहुंचेगी. इस योजना के तहत सरस्वतिया, कलवदाग, बभनीखांड़, उतमाही, पंडरवा जैसे बड़े जलाशयों में सोन नदी से पानी पहुंचाया जाना है. जबकि पनघटवा, बायीं बांकी व अन्नराज में भौंरी गांव स्थित कनहर नदी से पानी डाली जायेगी.इस अवसर पर रंका एसडीओ रुद्र प्रताप, एल०एन०टी० के प्रोजेक्ट मैनेजर चन्दन कुमार, जल पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता नवीन महली, भाजपा जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो, वरिष्ठ नेता मुकेश निरंजन सिन्हा, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, आनन्द सोनी, बजरंग गुप्ता, भूषण सिंह सहित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।