साइबर आरोपी की गिरफ्तारी गई पुलिस टीम पर हमला, पत्थरबाजी के बीच आरोपी फरार

गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची गिरिडीह साइबर पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस चामलिटी निवासी साइबर आरोपी चुरामण मंडल को पकड़ने उसके ससुराल पहुंची थी। खुद को घिरता देख आरोपी और उसके सहयोगियों ने ग्रामीणों की भीड़ के साथ मिलकर पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिस टीम पर पत्थरबाजी होने लगी, जिसमें पेट्रोलिंग वाहन का शीशा टूट गया। अफरा-तफरी और अंधेरे का फायदा उठाकर चुरामण मंडल फरार हो गया। थाना प्रभारी ऐनुल हक खान ने बताया कि 5 से 7 नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।