सड़क हादसे में अनाथ हुए तीन बच्चों की शिक्षा का जिम्मा उठाने आगे आए अविनाश देव, समाज से की मदद की अपील

हादसे में अनाथ हुए बच्चों की पढ़ाई और भविष्य संवारने को आगे आएं सामर्थ्यवान लोग

संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव ने पीड़ित परिवार से मिलकर बंधाया ढाढ़स, बच्चों की शिक्षा में सहयोग का दिया भरोसा

मेदिनीनगर ।कुछ दिन पूर्व हुए भीषण सड़क हादसे में दो परिवारों के सात सदस्यों की असामयिक मौत ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक हादसे में एक परिवार के पीछे सात वर्षीय एक मासूम बालक और दो बच्चियां रह गई हैं। कम उम्र में ही इन बच्चों के सिर से माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का साया उठ गया है। ऐसे में बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

इस दुखद घड़ी में संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव पीड़ित परिवार से मिले और परिजनों को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने बच्चों से मिलकर उनका हाल जाना और उनकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे समय में समाज के लोगों को आगे आकर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

इधर, झारखंड कुम्हार समन्वय समिति ने समाज के संवेदनशील लोगों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और सामर्थ्यवान सहयोगियों से बच्चों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है। समिति ने कहा कि इन बच्चों की शिक्षा, पालन-पोषण और आर्थिक सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। लोगों का छोटा-सा आर्थिक सहयोग भी बच्चों के जीवन में बड़ी उम्मीद बन सकता है। समिति ने सभी से यथासंभव आर्थिक सहायता प्रदान कर इस मानवीय पहल में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
मौके पर कमल शंकर पंडित,सुरेंद्र पंडित, कृष्णा पंडित,मोहन पंडित,तोखन प्रजापति,गोपाल पंडित,सिकंदर पंडित,संतोष प्रजापति,सभी बरही हजारीबाग से बिहारो बगोदर कुंजो पंडित के परिवार से मिलने गए।