रोटरी गिरिडीह वाईब्रेंट ने चार छात्रों की स्कूल फीस की स्पॉन्सर, शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल

गिरिडीह। रोटरी गिरिडीह वाईब्रेंट क्लब ने लिटरेसी मंथ के तहत किरण पब्लिक स्कूल के चार छात्रों की स्कूल फीस स्पॉन्सर की है। शनिवार को स्कूल प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में क्लब के अधिकारी व सदस्यों ने जूनियर विंग से सत्या कुमार (यूकेजी) और आदित्य कुमार (कक्षा एक), तथा सीनियर विंग से अंकुर सुमन और श्वेता टुडू (दोनों कक्षा आठ) की फीस स्पॉन्सर करने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब के अध्यक्ष एवं किरण पब्लिक स्कूल के निदेशक राजीव रंजन सिंह ने कहा कि यह वाईब्रेंट के गठन के बाद क्लब का पहला कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि भविष्य में रक्तदान, वृद्धाश्रम और अनाथालय से जुड़े कल्याणकारी कार्यों के साथ खेल-कूद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालय के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह और प्राचार्य राघव भोक्ता ने क्लब के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों की फीस स्पॉन्सर करने जैसी पहल समाज को नई दिशा देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्लब आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों में अहम योगदान देगा।
क्लब के सचिव डॉ. सौरव जगनानी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के साथ ही जल्द खेल-कूद का आयोजन भी किया जाएगा। बताया गया कि रोटरी गिरिडीह वाईब्रेंट, रोटरी गिरिडीह का स्पॉन्सर क्लब है, जिसका गठन 18 सितंबर 2026 को हुआ।
कार्यक्रम में क्लब के ट्रेनर रोटेरियन तनवीर अहमद, रोटेरियन राहुल कृष्णा, कोषाध्यक्ष डॉ. निलेश लाल, डॉ. समीर राज चौधरी, रवि जायसवाल, अवनीश अंशु, राजीव रंजन, गौतम सागर सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे।