गिरिडीह कॉलेज में अभाविप की 9 दिन से चल रही भूख हड़ताल खत्म, धरना जारी रखने का ऐलान
गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज में विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की ओर से चल रही भूख हड़ताल शनिवार को नौवें दिन समाप्त हो गई। हालांकि, छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि भूख हड़ताल खत्म की गई है, लेकिन जांच और कार्रवाई पूरी होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
अभाविप के बैनर तले कॉलेज में यह आंदोलन करीब 12 दिन पहले शुरू हुआ था। छात्र संगठन की ओर से कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच कराने, तत्कालीन प्राचार्य और बर्सर को हटाने तथा मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही थी। इसी क्रम में करीब नौ दिन पहले छात्र नेता अनीश रॉय और नीरज चौधरी भूख हड़ताल पर बैठे थे।
आंदोलन के दौरान कॉलेज में मामले की जांच के लिए दो बार जांच टीम पहुंची। इसके अलावा विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. चंद्रभूषण शर्मा भी कॉलेज पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों से बातचीत की। बताया गया कि कुलपति ने प्राचार्य को हटाने के लिए एक दिन का समय और पूरे मामले की जांच के लिए 14 दिनों का समय मांगा था।
शनिवार को भूख हड़ताल समाप्त कराने के दौरान कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य केएन शर्मा और वरिष्ठ सेवा प्रमुख पीएन सिन्हा ने आंदोलनकारी छात्रों को जूस पिलाया और मिठाई खिलाई।
मामले को लेकर छात्र नेता मंटू मुर्मू ने कहा कि भूख हड़ताल समाप्त कर दी गई है, लेकिन छात्रों का आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने और दोषियों पर कार्रवाई होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
वहीं, प्रभारी प्राचार्य केएन शर्मा ने कहा कि छात्रों की मांग पूरी होने के बाद शनिवार को उन्हें जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई गई है।
छात्र संगठन की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार और घोटाले के आरोपों की जांच अभी प्रक्रिया में है। जांच के निष्कर्ष और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

