रंका में निकली नशा मुक्ति जागरूकता रैली, अधिकारियों ने दिया नशे से दूर रहने का संदेश

|राज्य सरकार के द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लेकर आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद परवेज, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ,प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम बेला टोपनों एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ असजद अंसारी के द्वारा संयुक्त रूप से झंडी दिखाकर किया गया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद परवेज ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा नशे के खिलाफ जो अभियान चलाया जा रहा है उसमें सभी लोग तन मन के साथ लगकर आगे बढ़ाएं । उन्होंने कहा कि नशे की वजह से जिंदगी बर्बाद हो जाती हैं। इसी को देखते हुए गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाए। वहीं एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी की जाती रहेगी । वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर असजद अंसारी ने कहा कि सहिया के माध्यम से सभी गांव में नशा मुक्ति कार्यक्रम चलाया जाएगा ताकि लोग नशे से दूरी बनाएं और अपनी सेहत को ठीक रखे। जागरूकता रैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका से निकलकर थाना मोड, मुख्य बाजार, चेक नाका होते हुए प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचा जहां पर रैली को समाप्त किया गया । इस मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक नारायण कुमार ,प्रखंड लेखा प्रबंधक दिनेश प्रसाद गुप्ता ,प्रधान सहायक ललन राम ,उप प्रधान सहायक राहुल कुमार गुप्ता, एमटीएस पंकज विश्वकर्मा, मो खालिद सहित रंका, रमकंडा एवं चिनिया में कार्यरत सहिया, सहिया साथी एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।