रामपुर घटना की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कार्रवाई : संजय सिंह

सीताराम सोनी

मेदिनीनगर/पलामू: अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह ने रामपुर गांव में हुई घटना को दुखद बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि महासभा इस घटना की निंदा करती है तथा प्रशासन से आग्रह करती है कि बिना किसी दबाव और भेदभाव के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।

उन्होंने कहा कि घटना में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसे कानून के तहत सख्त सजा मिलनी चाहिए। साथ ही निर्दोष लोगों को परेशान नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि महासभा हमेशा प्रेम, भाईचारा, शांति और सद्भावना की राह पर चलती रही है तथा क्षत्रिय समाज सभी जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है।

संजय सिंह ने कहा कि रामपुर गांव में राजपूत और चौधरी समाज वर्षों से आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ रहते आए हैं, लेकिन आज दोनों समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बनना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दोनों समुदायों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्वार्थी तत्व और “वोट के सौदागर” लोगों को भड़काकर अपने राजनीतिक हित साधने में लगे हुए हैं। उन्होंने चौधरी समाज के लोगों से कहा कि वे न्याय की मांग करें और आंदोलन करें, लेकिन ऐसे लोगों से सावधान रहें जो समाज को न्याय दिलाने के बजाय उन्माद फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासन से यह भी मांग की कि भड़काऊ बयान देने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सामने खुलेआम समाज विशेष के खिलाफ हिंसा और नरसंहार जैसी बातें कही जा रही हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। ऐसे लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा जाना चाहिए ताकि जिले में शांति और सौहार्द कायम रह सके।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भूमि विवाद, घरों में आगजनी, बंधक बनाने, जान से मारने की धमकी तथा गोलीकांड सहित सभी बिंदुओं की गहराई से जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि महासभा संविधान, न्याय और न्यायालय में विश्वास रखती है।