राम मंदिर ट्रस्ट की आज अहम बैठक, नए महासचिव और CEO पर हो सकता है फैसला
अयोध्या में बुधवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। चढ़ावा चोरी मामले के बाद यह ट्रस्ट की दूसरी बैठक है, जिसमें नए महासचिव और ट्रस्टी के नामों पर मुहर लग सकती है। चम्पत राय के इस्तीफे के बाद महासचिव का पद खाली है, जबकि ट्रस्ट में कुल तीन स्थायी पद भी रिक्त हैं। बैठक में मंदिर के सुचारु संचालन के लिए वित्त, पूजा व्यवस्था, चढ़ावा काउंटिंग और दर्शन पास से जुड़ी समितियों के गठन पर भी फैसला संभव है। वहीं, राम मंदिर के नए CEO की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी चर्चा होगी। पांच हजार से अधिक आवेदनों की जांच जारी है और चयन समिति की सिफारिश के बाद 15 अगस्त तक नए CEO के नाम का ऐलान होने की संभावना है।

