राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे बरवाडीह के 10 खिलाड़ी, डाल्टनगंज के लिए हुए रवाना
बरवाडीह (लातेहार)। बरवाडीह प्रखंड के 10 कराटे खिलाड़ी राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में लातेहार जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए डाल्टनगंज रवाना हुए। प्रतियोगिता का आयोजन 2 अगस्त को डाल्टनगंज के जिला स्कूल परिसर में किया जा रहा है, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। रवाना होने से पहले स्थानीय खेल प्रेमियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के लिए कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन की ओर से बरवाडीह के सेन्साई मदन लाल को नेशनल जज एवं रेफरी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जंग बहादुर सिंह और चंदन कुमार को ऑफिशियल तथा राहुल राम को लातेहार टीम का कोच बनाया गया है। कोच राहुल राम ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कई महीनों तक कड़ी मेहनत की है और टीम अनुशासन, तकनीक एवं आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। सेन्साई मदन लाल ने भी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह है। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर लातेहार और बरवाडीह का नाम रोशन करने का लक्ष्य रखा है। अभिभावकों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने कहा कि कराटे जैसे अनुशासन एवं आत्मरक्षा से जुड़े खेल में क्षेत्र के युवाओं की बढ़ती भागीदारी अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायी है। अब सभी की निगाहें प्रतियोगिता में लातेहार के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी हैं।
रिपोर्ट : अर्चना कुमारी, बरवाडीह

