केतार में 500 किसानों को मिला मूंग बीज, फसल उत्पादन और आय बढ़ाने पर जोर
केतार (गढ़वा)। प्रखंड क्षेत्र में कृषि और अतिरिक्त फसल उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत पचाडुमर पंचायत के 500 किसानों के बीच मूंग बीज का वितरण किया गया। योजना के तहत प्रत्येक किसान को चार किलोग्राम मूंग बीज उपलब्ध कराया गया। इसका उद्देश्य किसानों को खरीफ के बाद अतिरिक्त फसल उत्पादन के लिए प्रोत्साहित कर उनकी आय बढ़ाने में मदद करना है।
बीज वितरण कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख चंद्रावती देवी, विधायक प्रतिनिधि सुरेश कुमार और बीटीएम राकेश कुमार रजक मौजूद रहे। अतिथियों ने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से मूंग की खेती करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को उन्नत बीज और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न सरकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की ओर से किसानों को मूंग की उन्नत खेती, बीज उपचार और बेहतर फसल प्रबंधन से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई। बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर योजना के तहत बीज प्राप्त किया। अधिकारियों ने किसानों से उपलब्ध बीज का सही तरीके से उपयोग कर बेहतर उत्पादन हासिल करने की अपील की।

