अंबिकापुर–गढ़वा रेल लाइन में बड़गढ़-भंडरिया को जोड़ने की मांग, सांसद वीडी राम ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से की मुलाकात
पलामू। सांसद विष्णु दयाल राम ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात कर प्रस्तावित अंबिकापुर–रामानुजगंज–गढ़वा नई रेल लाइन के वर्तमान अलाइनमेंट में संशोधन की मांग की। सांसद ने बड़गढ़ और भंडरिया प्रखंडों को भी इस रेल परियोजना से जोड़ने के साथ लंबे समय से लंबित बरवाडीह–चिरमिरी–अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इस संबंध में उन्होंने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष को पत्र भी सौंपा।
सांसद ने कहा कि अंबिकापुर–रामानुजगंज–गढ़वा रेल लाइन से पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों में रेल संपर्क मजबूत होने के साथ आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि प्रस्तावित अलाइनमेंट में बड़गढ़ और भंडरिया जैसे दुर्गम एवं पिछड़े क्षेत्रों को शामिल नहीं किए जाने को लेकर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से चिंता जताई जा रही है। सांसद के निजी सचिव अलख दुबे के अनुसार, इन दोनों क्षेत्रों को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर स्थानीय स्तर पर आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि बड़गढ़ और भंडरिया में सड़क संपर्क, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों को बेहतर करने की जरूरत है। यदि इन क्षेत्रों को प्रस्तावित रेल लाइन अथवा नए लिंक रेल मार्ग से जोड़ा जाता है तो स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ कृषि एवं वन उत्पादों के विपणन, निवेश, उद्योग और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने रेलवे बोर्ड से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित अलाइनमेंट में आवश्यक संशोधन तथा बरवाडीह–चिरमिरी–अंबिकापुर रेल परियोजना पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।

