पलामू की दो प्रमुख सड़कों को फोरलेन करने की पहल तेज, सांसद वीडी राम ने मंत्रालय के सचिव से की मुलाकात

पलामू। पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर से मुलाकात कर संसदीय क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को जल्द फोरलेन बनाने का अनुरोध किया। इनमें NH-343 का करीब 49 किलोमीटर लंबा गढ़वा–रामानुजगंज खंड और NH-139 का करीब 22 किलोमीटर लंबा पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर खंड शामिल है।

सांसद ने कहा कि NH-139 का हरिहरगंज–सीलीदाग खंड पहले ही फोरलेन के रूप में विकसित हो चुका है, जबकि पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर का शेष हिस्सा फोरलेन नहीं होने के कारण कॉरिडोर में बॉटलनेक बना हुआ है। इस मार्ग पर वाहनों का अधिक दबाव रहने से जाम, यात्रा में अधिक समय और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सांसद के अनुसार मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने बताया कि गढ़वा–रामानुजगंज और पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर दोनों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है और इसे शीघ्र अंतिम रूप देकर आगे की स्वीकृति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सांसद के निजी सचिव अलख दुबे ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से पलामू, गढ़वा सहित आसपास के क्षेत्रों को बेहतर और सुरक्षित सड़क संपर्क मिलेगा। इससे आवागमन सुगम होने के साथ औद्योगिक, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। सांसद ने दोनों परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति देकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित कराने का अनुरोध किया है।

You may have missed