राजकीय मध्य विद्यालय किशुनपुर में प्रबंधन समिति का पुनर्गठन, अखिलेश मांझी बने अध्यक्ष

राजकीय मध्य विद्यालय किशुनपुर में प्रबंधन समिति का पुनर्गठन, अखिलेश मांझी बने अध्यक्ष

पाटन (पलामू)। प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय किशुनपुर में बुधवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) का पुनर्गठन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजित आमसभा में सर्वसम्मति से अखिलेश मांझी को समिति का अध्यक्ष और पुष्पा देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव प्रक्रिया किशुनपुर पंचायत की मुखिया सुमन गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान पर्यवेक्षक सीआरपी कात्यायन उपाध्याय और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीना कुमारी की मौजूदगी में सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक सरोज कुमार आजाद, फूल कुमारी, अवनीश कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। नवगठित समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को लोगों ने बधाई दी तथा उनसे विद्यालय के शैक्षणिक विकास, बेहतर प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।