पुलिस अधीक्षक ने गणतंत्र दिवस की अंतिम तैयारियों का लिया जायजा, झंडोत्तोलन-परेड का हुआ पूर्वाभ्यास

पुलिस अधीक्षक ने गणतंत्र दिवस की अंतिम तैयारियों का लिया जायजा, झंडोत्तोलन-परेड का हुआ पूर्वाभ्यास

लातेहार :आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में पूर्ण गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाले झंडोत्तोलन, राष्ट्रगान एवं परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास का जायजा लिया।
पूर्वाभ्यास के दौरान सार्जेंट मेजर एवं सार्जेंट द्वारा सभी प्रतिभागियों का नियमानुसार नेतृत्व किया गया। परेड में शामिल सभी प्लाटूनों ने अनुशासन और समन्वय के साथ अभ्यास किया। पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए परेड, मार्च-पास्ट तथा अन्य कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी प्लाटूनों को समयपालन, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया। विदित हो कि 26 जनवरी को प्रातः 09.05 बजे उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी द्वारा जिला खेल स्टेडियम, लातेहार में झंडोत्तोलन किया जाएगा।
मौके पर अपर समाहर्ता श्री रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री अजय कुमार रजक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।