पत्नी ने शराब के पैसे नहीं दिए तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ा पति, मिन्नतों के बाद सुरक्षित उतरा

  1. शराब के लिए पत्नी ने पैसे नहीं दिए तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ा पति, मिन्नतों के बाद उतरा नीचे
  1. शराब के लिए पत्नी ने पैसे नहीं दिए तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ा पति, मिन्नतों के बाद उतरा नीचे
  1. शराब के लिए पत्नी ने पैसे नहीं दिए तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ा पति, मिन्नतों के बाद उतरा नीचे

भरनो में शराब के लिए पत्नी ने पैसे नहीं दिए तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया पति,पत्नी की काफी मिन्नत के बाद स्वयं नीचे उतरा,ली गई राहत की सांस।

भरनो (गुमला):- भरनो प्रखंड क्षेत्र के गढ़ाटोली गांव में रविवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया,जब एक युवक अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज होकर जान जोखिम में डालते हुए बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काफी देर तक युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास करते रहे।घटना की सूचना मिलने पर भरनो थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए रखी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़ाटोली गांव निवासी बुधनाथ उरांव (35 वर्ष) रविवार की दोपहर शराब के नशे में अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ने लगा।इसी दौरान उसने पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर वह काफी नाराज हो गया।देखते ही देखते वह घर से निकलकर गांव के समीप स्थित बिजली के हाईटेंशन टावर के पास पहुंचा और देखते-देखते टावर पर चढ़ने लगा।बिजली का टावर काफी ऊंचा होने और उसमें हाईटेंशन विद्युत प्रवाहित होने के कारण ग्रामीणों में दहशत फैल गई।युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए।ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई और काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया,लेकिन वह तत्काल नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।इस दौरान किसी अनहोनी की आशंका से परिजन भी बेहद चिंतित हो गए।घटना की सूचना भरनो थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।बताया जाता है कि काफी देर तक समझाने के बाद भी जब बुधनाथ नीचे नहीं उतर रहा था,तब उसकी पत्नी ने उसे समझाते हुए काफी मिन्नत की।पत्नी के बार-बार आग्रह और समझाने के बाद आखिरकार बुधनाथ उरांव स्वयं टावर से नीचे उतर आया।बुधनाथ के सुरक्षित नीचे उतरते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।इस दौरान मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।पुलिस ने भी युवक को समझाया तथा भविष्य में इस तरह जान जोखिम में डालने वाली हरकत नहीं करने की सलाह दी।गौरतलब है कि भरनो प्रखंड क्षेत्र में पिछले कुछ समय से छोटी-बड़ी बातों को लेकर लोगों के बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ने की घटनाएं सामने आती रही हैं।ऐसे मामलों में अक्सर लोग अपनी मांग मनवाने,पारिवारिक विवाद या किसी अन्य कारण से आवेश में आकर अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं।हाईटेंशन टावर पर चढ़ना बेहद खतरनाक है, क्योंकि तारों में लगातार विद्युत प्रवाहित होती रहती है।जरा सी चूक होने पर करंट की चपेट में आने अथवा ऊंचाई से गिरने से जान भी जा सकती है।रविवार की घटना में भी यदि समय रहते युवक को समझाकर नीचे नहीं उतारा जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे मामलों में परिवार और समाज के लोगों को आवेश में आए व्यक्ति को समझाने के साथ-साथ पुलिस और संबंधित विभाग को तत्काल सूचना देनी चाहिए,ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।फिलहाल बुधनाथ के सुरक्षित नीचे उतर आने के बाद गांव में स्थिति सामान्य है।घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।