प्रियंका मौत मामले में पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा प्रियंका की मौत पर पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने परिजनों से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का दिलाया भरोसा

गुमला। भरनो प्रखंड के बूढ़ीपाठ तेतरटोली गांव निवासी 15 वर्षीय प्रियंका कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को पूर्व सांसद सुदर्शन भगत पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि प्रियंका कुमारी भरनो स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कक्षा दसवीं की छात्रा थी। बीते बुधवार तड़के विद्यालय के छात्रावास में उसका शव फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ कई सवाल भी उठ रहे हैं।

पूर्व सांसद सुदर्शन भगत के साथ भरनो प्रखंड प्रमुख पारस नाथ उरांव एवं अन्य जनप्रतिनिधि व समाजसेवी भी बूढ़ीपाठ तेतरटोली गांव पहुंचे। उन्होंने छात्रा के पिता चैतू उरांव, माता बिरसी उरांव, बड़े भाई विश्वकर्मा उरांव, बहन सोनारूपी कुमारी, प्रीति कुमारी सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की।

परिजनों ने पूर्व सांसद को बताया कि घटना में विद्यालय प्रबंधन की गंभीर लापरवाही रही है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग भी रखी।

परिजनों की बातें सुनने के बाद सुदर्शन भगत ने कहा कि एक छात्रा की इस तरह हुई मौत अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से उठाते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों से बात कर निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान प्रखंड प्रमुख पारस नाथ उरांव, पतितपावन शाही, संतोष कुमार पांडा, हरिशंकर शाही, विशेश्वर उरांव, कलेन्द्र गोप, मांगे उरांव, जुब्बी उरांव, शिवचरण उरांव, विश्वकर्मा उरांव, निरंजन गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।