प्रधानमंत्री की ईंधन संरक्षण अपील पर झारखंड में सियासत गरम, JMM-कांग्रेस ने BJP को घेरा
प्रधानमंत्री की ईंधन संरक्षण अपील पर झारखंड में सियासत गरम, JMM-कांग्रेस ने BJP को घेरा
रांची। प्रधानमंत्री की ईंधन संरक्षण को लेकर की गई अपील पर देशभर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। झारखंड में भी इस मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
प्रधानमंत्री की अपील के बाद कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपालों ने अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। झारखंड के राज्यपाल ने भी अपने काफिले को घटाकर सिर्फ चार गाड़ियों तक सीमित कर दिया है।
हालांकि, झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इसे “राजनीतिक ढकोसला” करार दिया है। सरकार में मंत्री और JMM झारखंड नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने तंज कसते हुए कहा, “अगर सिर्फ दिखावा ही करना है तो गाड़ी से चलने की क्या जरूरत है, पैदल चलिए।”
वहीं कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान बीजेपी को ईंधन बचत की याद नहीं आई। अब जब हालात बिगड़ रहे हैं, तब जनता से अपील की जा रही है।
इधर बीजेपी सांसद दीपक प्रकाश ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि देश को प्रधानमंत्री के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईंधन संकट केवल भारत की नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय समस्या है और इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

