पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी भावुक श्रद्धांजलि
पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी भावुक श्रद्धांजलि
केतार/गढ़वा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद रह चुके दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर है। इसी क्रम में गढ़वा जिले के पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने भी उनके पार्थिव शरीर के दर्शन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दिशोम गुरु केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता और जनआंदोलन के प्रतीक थे। उनके नेतृत्व में झारखंड राज्य के गठन के लिए जो ऐतिहासिक संघर्ष हुआ, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
भावुक होते हुए भानु प्रताप शाही ने कहा, “गुरुजी का पार्थिव शरीर हमारे बीच नहीं रहा, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और योगदान सदैव झारखंड के लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।”
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिवारजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।

