पोखरी कलां में स्व० अब्दुल रज्जाक अंसारी की 109वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

पोखरी कलां में स्व० अब्दुल रज्जाक अंसारी की 109वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

बरवाडीह (लातेहार):लातेहार जिला के बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत बुनकर बहुल पंचायत पोखरी कलां में एकीकृत बिहार–झारखंड के पूर्व मंत्री, स्वतंत्रता सेनानी एवं बुनकर समाज की सशक्त आवाज रहे स्वर्गीय अब्दुल रज्जाक अंसारी की 109वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उन्हें खराजे अकीदत पेश किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व लातेहार अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष मो. नसीम अंसारी ने किया, जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता सह प्रदेश अल्पसंख्यक महासचिव अर्शदुल कादरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व० अब्दुल रज्जाक अंसारी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। सभा को संबोधित करते हुए मो. नसीम अंसारी ने कहा कि स्व० अब्दुल रज्जाक अंसारी ने एकीकृत बिहार–झारखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और बुनकर समाज को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। उनके संघर्ष, विचारधारा और सादगी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज भी उनके विचार समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।वरिष्ठ नेता अर्शदुल कादरी ने कहां कि स्व० अंसारी न केवल एक जननेता थे, बल्कि वे सामाजिक न्याय और समानता के प्रबल समर्थक भी थे। उन्होंने बुनकरों के हक और अधिकार के लिए हमेशा आवाज उठाई और समाज को संगठित करने का काम किया।इस अवसर पर मो. सुबहानी, एनामुल हक, एनामुल अंसारी, मंसूर आलम, दिलावर अंसारी, असलम अंसारी सहित सैकड़ों बुनकर एवं ग्रामीण जनता उपस्थित रही। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।