पलामू पुलिस की गश्ती व्यवस्था हाईटेक, 600 से अधिक जगहों पर लगे क्यूआर कोड

पलामू पुलिस गश्ती व्यवस्था में तकनीक की एंट्री

600 से अधिक स्थानों पर लगाए गए क्यूआर कोड, डिजिटल निगरानी से होगी पेट्रोलिंग की मॉनिटरिंग

मेदिनीनगर। पलामू पुलिस अब गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए तकनीक का सहारा ले रही है। जिले में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से करीब 600 से अधिक स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। इस नई व्यवस्था के जरिए यह निगरानी की जाएगी कि पुलिस टीम निर्धारित स्थानों पर समय पर पहुंच रही है या नहीं।
जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, संवेदनशील इलाकों, बाजारों, चौक-चौराहों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ये क्यूआर कोड लगाए गए हैं। गश्ती दल को संबंधित स्थल पर पहुंचकर मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। स्कैन करते ही उस स्थान और समय की जानकारी ऑनलाइन दर्ज हो जाएगी। इससे पुलिस अधिकारियों को यह पता चल सकेगा कि गश्ती वाहन और पुलिस टीम नियमित रूप से क्षेत्र में सक्रिय है या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, इस पहल को लागू करने में पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी किशोर कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। डीआईजी किशोर ने इस संबंध में राष्ट्रीय नवीन मेल को बताया कि पलामू के एसपी कपिल चौधरी के नेतृत्व और कार्यशैली बेहतर है। उन्होंने कहा कि पलामू जिले में तकनीक आधारित पुलिसिंग को तेजी से लागू करने में एसपी कपिल चौधरी की सक्रिय भूमिका रही है। डीआईजी किशोर कौशल ने बताया कि पलामू पुलिस लगातार आधुनिक और जवाबदेह पुलिसिंग की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसपी कपिल चौधरी के नेतृत्व में यह व्यवस्था अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को और मजबूत करेगी।

You may have missed