5 रुपए के विवाद में चली गोली! चॉकलेट के दाम को लेकर दुकानदार पर फायरिंग
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में मामूली विवाद ने अचानक खूनी मोड़ ले लिया। चॉकलेट के दाम को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि ग्राहक ने दुकानदार पर फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि सैफ नामक युवक दुकान पर चॉकलेट और कोल्ड ड्रिंक खरीदने पहुंचा था। दुकानदार ने कुल कीमत 65 रुपए बताई, लेकिन युवक चॉकलेट का दाम 40 रुपए बता रहा था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते आरोपी ने हथियार निकालकर दुकानदार को निशाना बनाते हुए गोली चला दी।
गनीमत रही कि दुकानदार बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सैफ को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अब घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग दुकान पर जुट गए।
सवाल बड़ा है — क्या अब 5 रुपए के विवाद में भी गोलियां चलेंगी?

