पलामू में 5 सूत्री मांगों को लेकर JKM का भूख हड़ताल, भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा आंदोलन आज
कल 23 जुलाई को मेदिनीनगर के कचहरी प्रांगण में 5 सूत्री मांगों को लेकर जेके एम का एक दिवसीय भूख हड़ताल व प्रतिवाद सभा होगी: शत्रुघ्न कुमार शत्रु
झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने लोक कल्याण मार्ग नई दिल्ली में प्रदर्शन के दरम्यान प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी,कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के अन्य नेताओं की अलोकतांत्रिक गिरफ्तारी की कड़ी निन्दा करते हुए प्रेस वार्ता के माध्यम से बताया है कि कल 23 जुलाई 2026, दिन-वृहस्पतिवार को उपायुक्त कार्यालय (कचहरी प्रांगण) मेदिनीनगर में झारखण्ड क्रांति मंच के बैनर तले मेदिनीनगर के सिंगरा खूर्द दक्षिणी बजराहा आंगनबाड़ी सेविका चयन में फर्जी एम०ए० की डिग्री प्रकरण में प्रभारी सीडीपीओ सह बीडीओ जागो महतो की संदिग्ध भूमिका की जांच कर कड़ी कार्रवाई करने, पलामू के बैरिया स्थित राज्य खाद्य निगम के गोदाम समेत चैनपुर,पड़वा, छत्तरपुर, हुसैनाबाद आदि गोदाम से गबन किये गये हजारों क्विंटल राशन घोटाले की जांच, पलामू के सीएस डा०अनिल श्रीवास्तव व लम्बे समय से जमे विपत्र लिपिक सतिश कुमार की मिलीभगत से पलामू केआउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन मद आदि में किए गए 19 करोड़ 70 लाख रुपए घोटाले के साथ -साथ ब्लड बैंक में खून की कालाबाजारी की जांच कराने, मेदिनीनगर नगर निगम में कुत्तों की नसबंदी व पूर्व में गाड़ी खरीद घोटाले की जांच कराने व मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना में पिछले दो वित्तिय वर्ष में किए गए घोटाले की जांच कराने की भी मांग जिला प्रशासन व राज्य सरकार से की जाएगी।
प्रेस को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा है कि एक तरफ केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की नालायकी व पेपर लीक जैसे भ्रष्टाचार में संलिप्तता की वजह से भड़के छात्र-नौजवानों के जनाक्रोश को जंतर-मंतर पर दबाने के लिए तानाशाह मोदी सरकार लाठी-गोली का हिंसक सहारा ले रही है, वही भ्रष्टाचार में आकंठ निमग्न झारखण्ड की हेमन्त सरकार में जेपीएससी अध्यक्ष तक को इस्तीफा देना पड़ा रहा है।चाहे केन्द्र हो या राज्य डाक्टर/इंजिनियर से लेकर सेविका/सहायिका व प्रशासनिक अधिकारियों के पद तक खूलेआम बेचे जा रहे हैं?
प्रेस को सम्बोधित करते हुए जेकेएम अध्यक्ष ने कहा है कि हमारा पलामू देश का सर्वाधिक पिछड़ा जिला है, जहां के निर्वाचित जन प्रतिनिधियों (वर्तमान एम०पी०/एम०एल०ए०, मंत्री)की घनघोर चुप्पी के कारण पदाधिकारी पोस्टिंग पाने के बाद अखंड लूट का साम्राज्य खड़ा कर देते हैंं,जिसकी जांच तक को दबा दिया जाता है। भ्रष्टाचार के खिलाफ दिन-रात शेखी बघारने वाले भाजपा विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी की पुत्रवधू पूर्व जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू के कार्यकाल व देख-रेख में पलामू के गरीबों के करोड़ों रुपए के निवालों(राशन) की खूलेआम लूट को दबाने के लिए नित्य नये तिकड़म रचे जा रहे हैं।पलामू में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना व नगर निगम द्वारा कुत्ता नसबंदी घोटाले की जांच के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जाएगा।
गौरतलब है कि यहां भ्रष्टाचार का आलम यह है कि जिस पदाधिकारी पर पैसे लेकर बिना वीडियोग्राफी कराये फर्जी एम०ए० के प्रमाण पत्र के आधार पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष सेविका चयन की घोषणा करने का आरोप है,उसी अधिकारी को जांच टीम का सदस्य बनाकर मामले की लिपापोती कर दी जाती है।इसका साक्षात उदाहरण भ्रष्ट प्रभारी सीडीपीओ जागो महतो को जांच टीम में रखकर क्लिनचिट देना है।
प्रेस को सम्बोधित करते हुए जेकेएम अध्यक्ष ने कहा है कि जंतर-मंतर पर सीजेपी प्रोटेस्ट के दरम्यान संघ व भाजपा के गुंडों द्वारा ना केवल अश्रुगैस के गोले व बर्बरतम लाठीचार्ज किया गया, बल्कि प्रोटेस्ट में शामिल छात्राओं के साथ भी अतिशय निंदनीय दुर्व्यवहार की खबरें आ रही हैं।कल के आन्दोलन में मोदी सरकार के तानाशाही व लोकतंत्र विरोधी गुंडागर्दी के खिलाफ भी आवाज बुलंद किया जाएगा।
इस आन्दोलन में हम सभी लोकतांत्रिक व संविधान में भरोसा रखनेवाले संगठनों को भी सादर आमंत्रित करते हैं।
प्रेस वार्ता में झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय उपाध्यक्ष सह मजदूर किसान कामगार यूनियन के अध्यक्ष गिरिजा प्रसाद विश्वकर्मा, केन्द्रीय प्रधान महासचिव रविन्द्र कुमार रवि, केन्द्रीय सचिव सह कार्यालय प्रभारी विजय राम, पलामू जिलाध्यक्ष धीरज कुमार वर्मा उर्फ धीरज चन्द्रवंशी व केन्द्रीय कमिटी के सदस्य अधिवक्ता अजय कुमार सिंह आदि लोग उपस्थित थे।

