पलामू किला जतरा मेले में गूंजा राजा मेदिनी राय का गौरवशाली इतिहास, राजकीय मेला घोषित करने की उठी मांग
पलामू किला जतरा में गूंजा राजा मेदिनी राय का गौरवशाली इतिहास
सतबरवा। प्रखंड के फुलवरिया गांव में औरंगा नदी के तट पर आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक पलामू किला जतरा मेला श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में चेरो वंश के प्रतापी शासक राजा मेदिनी राय के शासनकाल, उनकी न्यायप्रियता, प्रजा के प्रति दयालुता और लोककल्याणकारी कार्यों को विशेष रूप से याद किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि राजा मेदिनी राय पलामू की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। उनकी सामाजिक समरसता और प्रजा के प्रति आत्मीयता की परंपरा आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। मेला समिति के संरक्षक आशुतोष सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों, वीर शासकों और गौरवशाली इतिहास को जानने का अवसर मिलता है। यह मेला मनोरंजन के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का भी मंच है। उन्होंने राज्य सरकार से इसे राजकीय राजस्व मेला घोषित करने की मांग की।
मेले में आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष उमेश सिंह, सतीश सिंह, गंगेश्वर सिंह, यमुना सिंह, संतोष सिंह, प्रदीप सिंह, पिंटू सिंह, सुरेंद्र सिंह, अमर सिंह और विनय सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

