होरीलॉन्ग विद्यालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिल रही जांच और दवाइयों की सुविधा
होरीलॉन्ग विद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
बरवाडीह से अर्चना कुमारी की रिपोर्ट।
बरवाडीह। छेचा पंचायत अंतर्गत होरीलॉन्ग स्थित पीएम श्री राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में डॉक्टरों की टीम द्वारा लोगों की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। इसमें ब्लड प्रेशर (बीपी) जांच सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांच शामिल हैं। इसके अलावा मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, सिरप, ओआरएस एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस पहल से पंचायत एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी लाभ मिल सकता है। खासकर वैसे लोगों के लिए यह शिविर उपयोगी साबित हो रहा है, जिन्हें सामान्य स्वास्थ्य जांच और दवाइयों के लिए दूर जाना पड़ता है।
वहीं, पंचायत के लोगों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में होरीलॉन्ग विद्यालय परिसर पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं और इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाएं।


